देहरादून में DDMA के तत्वावधान में एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, पटेल नगर में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित हुआ।
600 विद्यार्थियों व शिक्षकों को भूकंप, बाढ़, भूस्खलन सहित आपदाओं से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया
शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में सविन बंसल एवं केके मिश्रा द्वारा समय-समय पर निर्गत दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), देहरादून के तत्वावधान में 16 जनवरी 2026 को एस.जी.आर.आर. पब्लिक स्कूल, पटेल नगर, देहरादून में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकगणों सहित कुल 600 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता विकसित करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान DDMA देहरादून के मास्टर ट्रेनर राजू शाही एवं मोहित सिंह, साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) से दीपक कठैत (इंस्पेक्टर), विक्रम, संदीप, संजय एवं सतपाल द्वारा प्रतिभागियों को भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, युद्ध, आतंकवाद एवं अन्य आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, आपातकालीन दूरभाष नंबर, भूदेव ऐप, सेटेलाइट फोन के उपयोग तथा आपदा प्रबंधन में प्रयुक्त विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या कविता सिंह ने विद्यालयों में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने आज के सफल आयोजन हेतु विद्यालय प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी का विशेष आभार व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रशिक्षण से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में आपदा के प्रति सजगता और आत्मरक्षा की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।












