देहरादून में शीतलहर की दस्तक, प्रशासन अलर्ट—अलाव, रैनबसेरे और एडवांस सप्लाई की तैयारी
देहरादून, 29 नवंबर 2025 | जिले में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के दिशा-निर्देश पर अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने एनआईसी सभागार में संबंधित विभागों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
शीतलहर और बचाव संबंधी आधिकारिक अपडेट के लिए देहरादून जिला प्रशासन पोर्टल भी देखा जा सकता है।
बेघरों के लिए अलाव और रैन बसेरे सक्रिय
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, अस्पताल और सार्वजनिक स्थानों पर रात्रि में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।साथ ही रैन बसेरों को पूरी क्षमता के साथ संचालित करते हुए गद्दे, कंबल और हीटर जैसी सुविधाओं को अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखा जाए। जरूरतमंदों को गर्म कंबल भी वितरित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, विशेष एडवाइजरी जारी
अस्पतालों में दवाओं और मेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गर्भवती महिलाओं का पूरा डेटा तैयार करने को कहा गया है ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
दूरस्थ क्षेत्रों में एडवांस राशन सप्लाई
बर्फबारी और पाला प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व तैयारी के साथ खाद्यान की एडवांस सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी।
बर्फबारी के कारण सड़कों के अवरुद्ध होने पर उन्हें तुरंत खोलने के लिए पर्याप्त मशीनरी और मैनपावर तैयार रखी जाएगी।
कोहरा और दुर्घटना रोकथाम के लिए सख्त ट्रैफिक नियम
सभी तहसीलों में राहत और बचाव उपकरणों के साथ कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
निराश्रित पशुओं के लिए भी शीतकालीन प्रबंध समय पर पूरे करने के आदेश दिए गए हैं।
बैठक में एसडीएम अपर्णा ढौडियाल, एसीएमओ डॉ. बंदना सेमवाल सहित सड़क, विद्युत, पेयजल सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








