देहरादून:जनपद देहरादून में लगातार हो रही बारिश और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) व राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के ‘सचेत’ पोर्टल द्वारा जारी 24 घंटे के मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अति तीव्र दौर की आशंका के मद्देनजर ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert) जारी किया है।
संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/जिलाधिकारी कार्यालय, देहरादून द्वारा 1 सितंबर 2026 (मंगलवार) को जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आधिकारिक आदेश (पत्रांक: 332/डी०डी०एम०ए०/2026-27) के अनुसार, जनपद के समस्त शासकीय, गैर-शासकीय, निजी स्कूल और सभी आंगनबाड़ी केंद्र 1 सितंबर को पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) और जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।


