अमित शाह और सीएम धामी ने उत्तराखंड को दी ₹1475 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात; कुम्भ 2027 और हेमकुण्ड रोपवे को मिलेगी गति
देहरादून: उत्तराखंड विकास योजनाएं लोकार्पण शिलान्यास -केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित ‘उत्तराखंड राज्योत्सव’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश को ₹1475.31 करोड़ की लागत वाली 62 विकास योजनाओं की सौगात दी।
उत्तराखंड विकास योजनाएं लोकार्पण शिलान्यास

इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी ₹1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास और ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
ये भी पढें – DA hike in Uttaarakhand
यह परियोजनाएं प्रदेश में सड़क नेटवर्क, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, उच्च व तकनीकी शिक्षा, पर्यटन और नागरिक सुरक्षा ढांचे को मजबूती प्रदान करेंगी।
विभागवार प्रमुख विकास योजनाओं का ब्योरा:
• ऊर्जा विभाग (UPCL): ₹472.33 करोड़ की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास और ₹77.93 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण हुआ, जिससे राज्य के दूरस्थ व शहरी क्षेत्रों में बिजली ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा।
• पेयजल व स्वच्छता: पेयजल निगम की ₹191.17 करोड़ की 8 योजनाओं का शिलान्यास और ₹82.03 करोड़ की 5 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
साथ ही जल संस्थान की ₹62.30 करोड़ की दो नई योजनाओं का शिलान्यास हुआ।
• शहरी विकास एवं कुम्भ मेला-2027: शहरी विकास विभाग की ₹92.25 करोड़ की 4 योजनाओं का शिलान्यास और ₹10.95 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण संपन्न हुआ।
इनमें वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी महाकुम्भ के दृष्टिगत बुनियादी ढांचे, सड़कों व पुलों का निर्माण शामिल है।
• लोक निर्माण विभाग (PWD): ₹18.78 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास तथा ₹99.68 करोड़ की तीन प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
• पर्यटन एवं धार्मिक स्थल कनेक्टिविटी: ₹43.70 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास हुआ, जिसमें टिहरी स्थित डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुण्ड साहिब रोपवे परियोजना हेतु निर्बाध विद्युत आपूर्ति संरचना का कार्य प्रमुख है।
• गृह एवं आपदा प्रबंधन: गृह विभाग के अंतर्गत ₹68.27 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास हुआ।
इसके तहत देहरादून में ₹31.63 करोड़ की लागत से आधुनिक ‘साइबर उत्कृष्टता केंद्र’ (Cyber Centre of Excellence) और हल्द्वानी में ₹36.64 करोड़ से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण होगा।
• शिक्षा एवं तकनीकी संस्थान: तकनीकी शिक्षा विभाग की ₹35.06 करोड़ की योजना का शिलान्यास व ₹61.98 करोड़ की 3 योजनाओं का लोकार्पण किया गया (जिसमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक भवन शामिल है)।
उच्च शिक्षा के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में ₹19.01 करोड़ के पीजी ब्लॉक का शिलान्यास हुआ।
• उद्योग, चिकित्सा व डेयरी विकास: सितारगंज में ₹48.21 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट एवं बेकरी यूनिट का शिलान्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग की ₹57.15 करोड़ की 2 योजनाओं का लोकार्पण और गन्ना विकास की ₹11.44 करोड़ की योजना का शिलान्यास संपन्न हुआ।
इन बहुउद्देशीय परियोजनाओं से पर्वतीय व मैदानी जनपदों में स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और आगामी कुम्भ 2027 के साथ-साथ चारधाम तीर्थयात्रियों की सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
Youtube Channel











