Uttarakhand Swaraj

देहरादून प्रशासन का ड्रग्स के खिलाफ बड़ा एक्शन, ग्राफिकएरा में 150 छात्रों की रैंडम टेस्टिंग

देहरादून, 02 दिसंबर 2025 | जिले में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर ड्रग टेस्टिंग अभियान शुरू कर दिया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर उच्च शिक्षण संस्थानों में रोस्टरवार व्यापक ड्रग टेस्टिंग की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्राफिकएरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में 150 छात्र-छात्राओं के रैंडम सैंपल लिए गए।

डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी स्कूल या कॉलेज में ड्रग टेस्टिंग के दौरान कोई विद्यार्थी पॉजिटिव पाया जाता है, तो संबंधित संस्थान के डीन और स्वामी के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नशामुक्त राज्य विजन को साकार करने के लिए जिला प्रशासन कड़े कदम उठा रहा है।

छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ड्रग टेस्टिंग अभियान से न घबराने की अपील

जिलाधिकारी बंसल ने कहा कि ड्रग टेस्टिंग अभियान (ड्राइव) से छात्रों और अभिभावकों को डरने की आवश्यकता नहीं है।

अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के खतरों से बचाना और शिक्षण संस्थानों को नशामुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने सभी संस्थानों और अभिभावकों से इस अभियान में सहयोग की अपील की।

एंटी-ड्रग्स कमेटी होगी सक्रिय :

जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में एंटी-ड्रग्स कमेटियों को सक्रिय किया जा रहा है। प्रत्येक कमेटी में एक छात्र और एक छात्रा को भी शामिल किया जाएगा ताकि बच्चों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

इसके साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाकर मानस हेल्पलाइन नंबर 1933, एनसीवी मानस पोर्टल और जिला डी-एडिक्शन सेंटर हेल्पलाइन 9625777399 का व्यापक प्रचार किया जाएगा।

नशामुक्ति के लिए जिला प्रशासन की बड़ी पहल :

जिला प्रशासन रायवाला स्थित ओल्ड एज होम में 30 बेड वाले नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन कर रहा है।

वहीं एम्स ऋषिकेश के साथ एमओयू के तहत सातों दिन 10 बेड इंटेंसिव थेरेपी के लिए रिज़र्व किए गए हैं।

नशे से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने अपना एंटी ड्रग्स हेल्पलाइन—9625777399 भी जारी किया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि नशे के बढ़ते संकट को रोकना सबसे बड़ी प्राथमिकता है, और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

click 👉👉Here for related news

Exit mobile version