Site icon Uttarakhand Swaraj

ग्रामीण सड़कों के लिए 1700 करोड़ की मंजूरी पर सांसद अजय भट्ट ने जताया आभार

नैनीताल/उधम सिंह नगर। ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा (उत्तराखंड ग्रामीण सड़क निर्माण) राज्य की 184 ग्रामीण सड़कों के निर्माण हेतु 1700 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है।

इस महत्वपूर्ण निर्णय पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

सांसद भट्ट ने कहा कि ग्रामीण विकास को नई दिशा और गति देने के लिए भारत सरकार लगातार प्रयासरत है।

इसी कड़ी में स्वीकृत की गई यह राशि उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने का काम करेगी।

सरकार की इस मंजूरी के अंतर्गत 184 ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 1228 किलोमीटर है।

उन्होंने बताया कि मजबूत सड़क संरचना से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

किसानों, छात्रों, महिलाओं सहित आमजन को स्वास्थ्य, शिक्षा, बाजार और अन्य मूलभूत सेवाओं तक जल्दी और बेहतर पहुंच मिलेगी।

अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए सड़कें ही विकास की जीवनरेखा हैं।

ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा दी गई यह मंजूरी ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला प्रधानमंत्री मोदी की ‘समग्र विकास’ की नीति को और मजबूती प्रदान करता है।

अंत में सांसद भट्ट ने ग्रामीण क्षेत्र के समग्र विकास और सड़क संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति पुनः धन्यवाद व्यक्त किया।

For Youtube Channel Click Here

Exit mobile version