उत्तराखंड में ‘वंदे मातरम्’ स्मरणोत्सव: शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम
उत्तराखंड के सभी राजकीय और निजी शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य ‘वंदे मातरम्’ स्मरणोत्सव मनाया जाएगा।
सूबे के स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 07 नवम्बर से शुरू होकर आगामी 26 नवम्बर तक पखवाड़ेभर चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों में रैली, मार्च पास्ट, कविता पाठ, भाषण, वाद-विवाद, निबंध, चित्रकला प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। शिक्षा मंत्री ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की जानकारी भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी ताकि राज्य की भागीदारी राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज हो सके।
डॉ. रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी संस्थानों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाये। उन्होंने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और जनसामान्य को भी कार्यक्रमों में आमंत्रित करने पर बल दिया, विशेषकर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने के निर्देश भी बैठक में दिये।
शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि कार्यक्रमों की जानकारी स्थानीय स्तर पर व्यापक रूप से साझा की जाये और भारत सरकार द्वारा निर्मित पोर्टल पर कार्यक्रमों के उत्कृष्ट फोटोग्राफ्स एवं वीडियो अपलोड किये जाएं, ताकि प्रदेश की सहभागिता राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज हो सके।
वर्चुअल बैठक में शिक्षा मंत्री के साथ मौजूद रहे अधिकारी :
वर्चुअल बैठक में निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य, निदेशक उच्च शिक्षा वी.एन. खाली, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल, निदेशक संस्कृत शिक्षा कंचन देवराड़ी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
