Uttarakhand Swaraj

मुख्यमंत्री के निर्देश पर विधवा शांति को राहत, बेटी की पढ़ाई व ऋण से मिली मुक्ति

देहरादून, 03 फरवरी 2026 | विधवा शांति राणा को जिला प्रशासन की सहायता — मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए मा0 मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने आर्थिक संकट से जूझ रही विधवा शांति राणा को बड़ी राहत प्रदान की है।

जिला प्रशासन द्वारा सीएसआर फंड के माध्यम से शांति राणा को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की गई, जिससे उनके ऊपर चढ़ा ऋण पूरी तरह समाप्त हो गया है।

इसके साथ ही शांति राणा की 8वीं कक्षा में अध्ययनरत पुत्री अंशिका की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए कक्षा 12वीं तक की कुल 1.62 लाख रुपये की फीस एकमुश्त सीधे संबंधित स्कूल प्रबंधन के खाते में जमा कराई गई है।

इस सहायता से व्यथित माँ और उसके बच्चों को शिक्षा व ऋण दोनों के बोझ से मुक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान शांति राणा ने अपनी पीड़ा साझा की थी।

उन्होंने बताया कि उनके पति ने परिवार की आजीविका के लिए ई-रिक्शा खरीदने हेतु 3.72 लाख रुपये का बैंक ऋण लिया था, किंतु एक सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई।

इसके बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी और ऋण का बोझ शांति राणा पर आ पड़ा।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित जांच एवं सहायता के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा न केवल ऋण मुक्ति एवं शिक्षा सहायता दी गई, बल्कि शांति राणा को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

साथ ही संबंधित विभागों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित परिवारों को संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

विधवा शांति राणा को जिला प्रशासन की सहायता ☝️☝️read

click Here for Youtube Channel

Exit mobile version