चमोली के मायापुर में निर्माणाधीन टनल में बड़ा हादसा: मलबा और पानी भरने से 7 मजदूरों की मौत, 14 घायल; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
चमोली (उत्तराखंड):जिले के पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर में निर्माणाधीन टीएचडीसी (THDC) टनल में गुरुवार की शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया।
टनल के अंदर अचानक मलबा और पानी भर जाने के कारण सात मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 14 मजदूर घायल हो गए हैं।
घायल मजदूरों को तुरंत गोपेश्वर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे का शिकार हुए मृतक और घायल मजदूर अलग-अलग राज्यों से हैं, जिनमें मुख्य रूप से बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के निवासी शामिल हैं।
युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गुरुवार की शाम करीब 7:05 बजे टनल में 20 से अधिक मजदूरों के फंसे होने की सूचना मिली थी।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), सीआईएसएफ (CISF), सेना, आईटीबीपी (ITBP) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
प्रारंभिक कार्रवाई में 16 व्यक्तियों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि टनल में फंसे शेष व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रात भर अभियान चलाया गया।
सभी उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों का उपयोग कर स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है।
सीएम धामी ने लिया संज्ञान, मुख्यमंत्रियों से की वार्ता

हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी और प्रशासन को युद्धस्तर पर बचाव कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री धामी ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से फोन पर वार्ता की और उन्हें टनल में फंसे उनके राज्यों के श्रमिकों की स्थिति से अवगत कराया।
सीएम धामी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रभावित श्रमिकों के उपचार में कोई कमी नहीं रख रही है।
उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है और यदि किसी श्रमिक को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की आवश्यकता होगी, तो उसकी भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, विनोद सुमन ने बताया कि राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
वहीं, एसपी सुरजीत पंवार ने स्पष्ट किया कि सभी राहत और बचाव एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।
हादसे में मृतकों और घायलों की सूची
मृतकों का विवरण:
- प्रदीप सिंह पंवार (31 वर्ष) – पिता: अवतार सिंह, निवासी: गेंवाल, चम्बा, जिला- टिहरी (उत्तराखंड)
- मुकेश – निवासी: उर्गम, जिला- चमोली (उत्तराखंड)
- दुर्लभ शर्मा – निवासी: बिहार
- विजय (28 वर्ष) – निवासी: झारखण्ड
- जितेन्द्र कुमार – निवासी: झारखण्ड
- लोकेश्वर – (निवासी की सूचना प्राप्त की जा रही है)
- भुनेश्वर – (निवासी की सूचना प्राप्त की जा रही है)
जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराये गये घायलों का विवरण:
- सुनील दीवान (20 वर्ष) – पिता: सन्तोष दीवान, निवासी: कुण्डागांव (छत्तीसगढ़)
- हाबिल गुडिया (27 वर्ष) – पिता: रेजन गुडिया, निवासी: खूंटी (झारखण्ड)
- निस्तर भिंगरा (24 वर्ष) – पिता: राफेल भिंगरा, निवासी: खूंटी (झारखण्ड)
- विनोद रावना (46 वर्ष) – पिता: तूनिया रावना, निवासी: गुमला (झारखण्ड)
- दीना बेगरा (26 वर्ष) – पिता: श्री केला बेगरा, निवासी: खूंटी (झारखण्ड)
- खेला राम बिसरा (22 वर्ष) – पिता: श्री मोनसा बिसरा, निवासी: शिवम (झारखण्ड)
- छबेग सिंह (45 वर्ष) – पिता: वीरा सिंह, निवासी: तरनतारन (पंजाब)
- तिलक राज (48 वर्ष) – पिता: श्री बुद्धिराम, निवासी: चम्बा (हिमाचल प्रदेश)
- चन्दन कुमार (39 वर्ष) – पिता: श्री तुलसी सिंह, निवासी: रोहतास (बिहार)
- अवधेश – निवासी: गोपालगंज (बिहार)
- नन्दलाल – पिता: श्री अवधेश पाण्डे, निवासी: गोपालगंज (बिहार)
- रोहित पाण्डे (20 वर्ष) – पिता: श्री अवधेश पाण्डे, निवासी: गोपालगंज (बिहार) (इन्हें श्रीनगर रेफर किया गया है)
- पेन सिंह (33 वर्ष) – पिता: श्री पीला सिंह, निवासी: कोडा (छत्तीसगढ़)
- गोविन्द – (डिस्चार्ज कर दिए गए हैं)